संभल : यूपी के संभल जिले में असमोली इलाके के बदनपुर बसेई गांव की रहने वालीं तमन्ना मलिक भगवान शिव को चढ़ाने के लिए हरिद्वार से गंगाजल ला रही हैं। शिवरात्रि पर उमड़ी भोलेनाथ के भक्तों की भीड़ के बीच एक मुस्लिम युवती की कांवड़ सुर्खियों में है। सड़क पर बुर्के में महिला और उसके कंधे पर भगवान शिव के नाम की कांवड़। लोगों के मन में सवाल भी है कि मुस्लिम होकर तमन्ना कांवड़ क्यों ला रही हैं? अब तमन्ना ने खुद इस सवाल का जवाब दिया है। तमन्ना ने बताया है कि उन्होंने शादी की मन्नत मांगी थी, जो पूरी हो गई और इसलिए वह भगवान शिव की कांवड़ ला रही हैं।
तमन्ना मलिक ने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने अमन त्यागी से शादी के लिए, भगवान शिव से मन्नत मांगी थी। उन्होंने कहा था कि अगर अमन से उनकी शादी हो जाएगी, तो वह हरिद्वार से कांवड़ लाकर, संभल के क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक करेंगी। भगवान शिव की कृपा से उनकी मन्नत पूरी हो गई। अब उसी संकल्प को पूरा करने के लिए तमन्ना हरिद्वार से कांवड़ उठाकर संभल के लिए चल पड़ी हैं।
तमन्ना बताती हैं कि अमन से शादी के बाद उनके दो बेटे हुए हैं और भोलेनाथ की कृपा से उनकी जिंदगी में सबकुछ ठीक-ठीक चल रहा है। उन्होंने बताया कि कांवड़ उठाने के लिए वह 10 फरवरी को हरिद्वार पहुंचीं थीं। शिवरात्रि के दिन शुभ मुहूर्त पर क्षेमनाथ तीर्थ पर तमन्ना जलाभिषेक करेंगी। कांवड़ उठाए उनके वीडियो मीडिया और सोशल मीडिया, दोनों की सुर्खियां बन रहे हैं।
तमन्ना के साथ-साथ सड़क पर शिव भक्तों का एक जत्था चल रहा है। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के नारों के साथ ये जत्था जहां से भी गुजरता है, शिव भक्तिनी तमन्ना को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। सड़क पर जगह-जगह तमन्ना मलिक का स्वागत हो रहा है। लोग उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाना चाहते हैं। शिवरात्रि के पर्व पर तमन्ना आस्था और सद्भाव की एक अनोखी मिसाल बनी हुई हैं।
