छत्तीसगढ़ : बलरामपुर में अफीम की खेती पर बड़ा खुलासा, झारखंड के चतरा से बुलाये गए थे मजदूर  

Chhattisgarh-Jharkhand-Farming

बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के अफीम की खेती को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कोरंधा में पुलिस ने करीब ढाई एकड़ में लगी अफीम की फसल बरामद की है। खजूरी गांव के बाद कोरंधा में भी पुलिस को अफीम की खेती की जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किसानों ने खुलासा किया है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह अफीम है। लीज में लेकर खेत में खेती होती थी।

पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह अफीम की खेती के बारे में जानते ही नहीं थे। उन्हें यह भी नहीं पता था कि अफीम की खेती करना गैर कानूनी है। पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि किसान ने हर साल 6 हजार रुपए देने की शर्त पर जमीन ली थी।

पुलिस की पूछताछ में क्या खुलासा हुआ : पुलिस ने अफीम की खेती करने के मामले में किसान सहादुर नगेशिया और टुईला राम को गिरफ्तार किया गया है। टुईला राम ने पुलिस को बताया कि उसके पास खेत नहीं है उसने गांव के ही रहने वाले रोपना से छह हजार रुपये सालाना देने के शर्त पर खेत को लीज पर लिया था। उसने खेत पर मक्के की फसल लगाई लेकिन उसे फायदा नहीं हुआ।

इसके बाद दोनों किसानों का संपर्क झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले भूपेंद्र उरांव से हुआ। उसने कहा था कि मसालों की खेती करने से फायदा होगा। भूपेंद्र उरांव ने कहा कि अगर मैं खेत में मसाले की खेती कराऊंगा कतो मुनाफे में कुछ हिस्सा लूंगा जिसके बाद दोनों किसान तैयार हो गए।

दो किस्तों में लगवाई अफीम की फसल : भूपेन्द्र ने अफीम की फसल दो किस्तों में बोई गई थी। पहले सहादुर नगेशिया के खेत में अफीम की फसल लगाई गई। यहां अफीम के डोडों पर छह से सात चीरे लगे थे। जिसका मतलब है कि बड़ी मात्रा में अफीम निकाली जा चुकी है। उसके बाद टुईला राम के खेत में अफीम लगाई गई। इसके खेत में अभी फसल में डोडे लगे हुए हैं और कुछ पौधों में डोडे लग रहे हैं। कई डोडों में चीरा भी लगाया गया था।

दोनों किसानों ने बताया कि झारखंड के चार से पांच लोग फसल की पहरेदारी सहित अन्य काम करते थे। खेतों में काम भी वही लोग करते थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे मौके से फरार हो गए।

कितनी अफीम मिली : पुलिस को यहां से करीब 285 बोरे अफीम के पौधे मिले हैं। जिनका वजन करीब 18 क्विंटल 87 किलो है। इनकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपए बताई जा रही है।