Weather@Updates : आज से झारखंड में प्री-मानसून की दस्तक, बिहार में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Weather-Update

रांची/पटना : बिहार-झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। दिल्ली से लेकर बिहार तक लू की मार झेल रहे लोगों के लिए अगले तीन दिन राहत भरे हो सकते हैं। क्षोभमंडल में बन रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर और पूर्वी भारत के 15 राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 29 अप्रैल को बिहार, झारखंड, यूपी और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में मूसलाधार बारिश और 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से किसानों और पूर्वी भारत के निवासियों को आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर सावधान किया गया है।

मौसम का बदला मिजाज, आंधी-तूफान का खतरा : मौसम विभाग के अनुसार बिहार और झारखंड से लेकर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि तेज आंधी-तूफान की स्थिति भी बनेगी। असम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं से जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

झारखंड में प्री-मॉनसून ने दी दस्तक : झारखंड में मानसून से पहले की गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड में मध्यम स्तर की बारिश होगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने का अनुमान है। प्रभावित जिलों में राजधानी रांची, गिरिडीह, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, लोहरदगा, धनबाद और जामताड़ा शामिल है। बताया गया है कि कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और आंधी की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

बिहार में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट : बिहार के कई जिलों में 29 अप्रैल को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सारण, गया, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार शामिल है। मूसलाधार बारिश के साथ ही तेज आंधी से फसलों को नुकसान हो सकता है। बिहार में 28 अप्रैल को सबसे अधिक रोहतास जिले के डिहरी में 41 डिग्री टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम 23 डिग्री रहा।

बदलते मौसम को देखते सतर्कता की सलाह : बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ताकि, ज्यादा नुकसान से बचा जा सके।

खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं।
आंधी और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
तेज हवाओं की स्थिति में घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें।
यात्रा के दौरान जलभराव और कम दृश्यता (Visibility) के प्रति सचेत रहें।
आकाशीय बिजली (वज्रपात) के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल कम करें।