रांची : झारखंड कैबिनेट ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमावली-2026 की घटनोत्तर स्वीकृति दे दी गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में जेटेट नियमावली से मगही-भोजपुरी और अंगिका को क्षेत्रीय भाषा की सूची से फिलहाल बाहर रखने का फैसला लिया गया है। इस फैसले से मंत्री दीपिका पांडेय नाराज बताई जा रही हैं। वहीं पूर्व में भी जेटेट नियमावली में भाषा की सूची पर आपत्ति दर्ज कराने वाले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ गई।
दो मंत्रियों ने पहले दर्ज कराई थी आपत्ति : बैठक समाप्त होने के बाद कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि आज 15 एजेंडों पर मुहर लगी। कैबिनेट ने झारखंड शिक्षक पात्रता नियमावली में घटनोत्तर स्वीकृति दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कैबिनेट की पिछली बैठक में मंत्री राधा कृष्ण किशोर और मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने इन तीन भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा की सूची में शामिल करने का मुद्दा उठाया था। लेकिन विरोध के बावजूद मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में जेटेट नियमावली में घटनोत्तर स्वीकृति दे दी गई है। यानी पुराने नियमावली में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अन्य भाषाओं को क्षेत्रीय सूची में शामिल करने का गठन : मंत्री चमरा लिंडा ने स्वीकार किया कि कैबिनेट बैठक में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की ओर से अपनी बात रखी गई। जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अन्य भाषाओं को क्षेत्रीय सूची में शामिल करने को लेकर एक समिति गठन करने की बात कही, इस समिति के आधार पर ही क्षेत्रीय भाषाओं की सूची को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडे सिंह की नाराजगी और बीच बैठक से बाहर निकल जाने के सवाल को टाल दिया और कहा कि समिति की ओर से सभी बिंदुओं पर विचार करने में समय लगेगा।
दो महत्वपूर्ण फ्लाईओवर परियोजनाओं को मंजूरी : बैठक में दो महत्वपूर्ण फ्लाईओवर परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इससे शहरी ट्रैफिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पहला फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक से हरमू के बीच बनाया जाएगा, वहीं दूसरा फ्लाईओवर करमटोली से साइंस सिटी तक बनेगा।
अरगोड़ा चौक से हरमू फ्लाईओवर के लिए 469.62 करोड़ स्वीकृत : झारखण्ड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से अरगोड़ा चौक से हरमू चौक के बीच 469.62 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके तहत काॅव रेस्टोरेंट से डीबडीह ब्रिज तक एलिवेटेड रोड-फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। इसमें कटहल मोड़ (चपुटोली) अशोक नगर (रोड नंबर 3 के पास) की ओर जाने वाली शाखाएं तथा सर्विस रोड शामिल हैं।
करमटोली से साईंस सिटी फ्लाईओवर के लिए 351.14 करोड़ मंजूर : दूसरा फ्लाईओवर झारखण्ड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से करमटोली से साईंस सिटी तक बनाने की योजना है। इस फ्लाईओवर की सर्विस पथ सहित कुल लम्बाई-3.216 किमी है। इस परियोजना से लिए 351.14 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। निर्माण कार्य में भू-अर्जन, आर एंड आर, यूटिलिटी शिफ्टिंग, वनरोपण और बागवानी के लिए खर्च होने वाली राशि को शामिल किया गया है।
स्टेट स्कूल स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी का गठन को मंजूरी : कैबिनेट की बैठक में स्टेट स्कूल स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत पथ एवं पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई। वहीं पलामू में राज्य सरकार चार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलेगी।
अब बंशीधर नगर ऊंटारी होगा नाम : कैबिनेट की बैठक में गढ़वा जिला अंतर्गत श्री बंशीधर नगर अनुमंडल के नाम में आंशिक संशोधन करते हुए श्री बंशीधर नगर उंटारी के रूप में प्रतिस्थापित किए जाने की स्वीकृति दी गई।
मरांग गोमके परदेशीय छात्रवृत्ति योजना में अब 50 छात्र-छात्राओं का चयन : झारखण्ड राज्य के अनुसूचित जनजाति के अधिकतम 20, अनुसूचित जाति के अधिकतम 10, पिछड़ा वर्ग के अधिकतम 14 और अल्पसंख्यक के अधिकतम 06 छात्र-छात्राओं का चयन मरांग गोमके परदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत किया जाएगा। योजना के तहत चयनित 50 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रत्येक वर्ष विदेश में स्थित चयनित अग्रणी विश्वविद्यालयों-संस्थानों के चयनित कोर्स में उच्च स्तरीय शिक्षा वर्षीय मास्टर्स (Masters) के लिए छात्रवृति सहायता प्रदान की जाएगी।
