Weather@Updates : आज झारखंड के कई जिलों में तेज हवा-वज्रपात की आशंका, बिहार में हल्की बारिश

Weather-Bihar-Jharkhand-12May

रांची/पटना : बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि आज राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है।

रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका : मौसम विभाग ने रांची, बोकारो और धनबाद सहित कई जिलों में अगले 24 घंटों में 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका व्यक्त की है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में रांची में सबसे अधिक 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 16 मई तक मौसम का मिजाज बदले रहने की संभावना जताई है।

तापमान में बढ़ोतरी दर्ज : सोमवार को पटना सहित 11 जिलों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने से मौसम सामान्य बना रहा। बारिश के आंकड़ों के अनुसार पूर्णिया के जलालगढ़ में सबसे अधिक 35 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

प्री-मानसून सीजन में बिहार में अब तक 193 प्रतिशत अधिक बारिश : प्री-मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 193 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। जहां सामान्य वर्षा का मानक 37.8 मिलीमीटर माना जाता है, वहीं इस बार राज्य में 111 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भभुआ 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।