रांची/पटना : उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप चल रहा। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल को तापमान बढ़ने की चेतावनी दी है। बिहार और झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
बिहार-झारखंड का मौसम अपडेट : बिहार-झारखंड सहित पूरे उत्तर भारत के राज्यों में सूरज की तपिश अब जानलेवा स्तर पर पहुंच रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 अप्रैल के लिए कड़ी चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं का सितम बढ़ेगा। आसमान साफ रहने के कारण सीधी धूप और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी। अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर जाकर 43 डिग्री को पार कर गया है। दूसरी ओर, पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज थोड़ा अलग रहेगा। यहां भीषण गर्मी के बीच अचानक आने वाली आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पटना-रांची में लू का ऑरेंज अलर्ट : बिहार-झारखंड के लगभग सभी जिलों में चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा। मौसम विभाग के अनुसार आसमान पूरी तरह साफ रहेगा जिससे ‘हीट वेव’ की स्थिति बनी रहेगी। तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है क्योंकि पारा सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहने की उम्मीद है। रोहतास जिले के डिहरी में सबसे अधिक 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबकि, पटना और उसके आसपास के जिलों का तापमान 40 डिग्री रहा।
आज झारखंड में थंडरस्क्वॉल का खतरा : पूर्वी भारत के इन राज्यों में मौसम काफी अस्थिर है। 21 अप्रैल को झारखंड के कुछ हिस्सों में ‘थंडरस्क्वॉल’ आने की आशंका है, जहां हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा से सटे झारखंड के इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है।
झारखंड के प्रमुख शहरों का हाल : झारखंड के मैदानी इलाकों में लू का असर साफ देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए विशेष बुलेटिन जारी किया है।
- पलामू, जमशेदपुर, कोडरमा, बोकारो, देवघर, हजारीबाग और धनबाद में दोपहर के वक्त लू चलने की आशंका है।
- गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
- बारिश वाले क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- रांची समेत अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में पारा सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना रहेगा।
बिहार में 3-4 दिनों तक कोई राहत नहीं :
- चिलचिलाती धूप के बाद 25 अप्रैल से राहत
- बिहार में फिलहाल दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
- 25 अप्रैल को राज्य के अधिकांश जिलों में चमकदार धूप खिलेगी।
- बिहार के सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी होगी।
- 25 अप्रैल से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा।
- धूल भरी आंधी और बारिश होने की पूरी संभावना है।
- अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।
- अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य भागों के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।
