झारखंड : देवघर से मेड इन USA पिस्टल के साथ 3 लोगों को ATS ने दबोचा, दो पिस्टल और सात कारतूस बरामद 

Deoghar-ATS-Arrested-Arms-Criminals

देवघर : झारखंड के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने देवघर से तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को ये कामयाबी मिली।

दो पिस्टल और सात कारतूस बरामद : देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि छापेमारी के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया। उनके पास से सात कारतूस और दो पिस्टल बरामद की गईं, जिनमें से एक अमेरिका निर्मित है। गिरफ्तार आरोपितों में देवघर के टाउन थाना के कृष्णापुरी निवासी पंकज कुमार सिंह और देवघर के ही नगर थाना क्षेत्र के नंदी नगर निवासी अजित कुमार पांडेय उर्फ अजित कुमार मिश्रा शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक (एटीएस) राजकुमार मेहता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो देवघर शहर के निवासी हैं। इनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ बिहार के मुंगेर और जमुई जिलों के साथ-साथ झारखंड के देवघर और दुमका में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुंगेर से हथियारों की आपूर्ति : उन्होंने बताया कि मुंगेर निवासी परवेज उन्हें हथियारों की आपूर्ति कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस बाद में पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के लिए अदालत से अनुरोध करेगी।

किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की थी योजना : एटीएस थाना रांची के थानेदार अभिनंदन कुमार ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उन्हें सूत्रों से पता चला कि एक अपराधी अजित कुमार पांडेय और अन्य अपराधी हथियार से लैस है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।