झारखंड : पलामू में पति-पत्नी और बेटे की हत्या-बेटी गंभीर, जादू टोना के संदेह में हत्या की आशंका

Jharkhand-Palamu-Panki-Murder

पलामू : झारखंड के पलामू में जादू-टोना के शक में एक दंपती और उसके 18 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात को हुए हमले में उनकी नाबालिग बेटी भी घायल हो गई।

जादू टोना के संदेह में हत्या की आशंका : लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार झा ने बताया कि शवों को पांकी थाना क्षेत्र में रविवार को उनके घर से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह मामला जादू टोना के संदेह से संबंधित है।

दोषियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान : एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने बताया कि दोषियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि लड़की को गंभीर चोटें आई हैं और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान विजय भुइयां (45), उनकी पत्नी हेवंती देवी (40) और उनके बेटे छोटू भुइयां के रूप में की गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराई मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया गया है।

पड़ोस में ही रहने वाले लोगों पर लगा आरोप : इस हत्याकांड का आरोप पड़ोस में ही रहने वाले रवींद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां पर लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लंबे समय से चल रहा था विवाद : बताया जा रहा है कि विजय भुईयां का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसके परिवार पर गांव के कुछ लोग ओझा-गुणी और डायन-बिसाही का आरोप लगा रहे थे। इसे लेकर कई बार झगड़े हो चुके थे, जिसपर पंचायतें भी बुलाई गई थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात कुछ लोग विजय भुईयां के घर पहुंचे थे। परिवार के लोगों के साथ पहले मारपीट की गई, इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए हैं।